बालोद में खड़ी दो बसों में लगी भीषण आग, जलकर हुईं खाक; 48 लाख रुपए का नुकसान, संचालक ने जताई साजिश की आशंका

Spread the love

ड्राइवर के घर के सामने खड़ी थीं दोनों बसें, रात 1 से 2 बजे के बीच लगी आग; परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थीं बसें

बालोद। जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया (अ) में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां बालाजी ट्रेवल्स की खड़ी दो बसों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना में बस संचालक को करीब 48 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। शुरुआती जांच में पुलिस ने आग लगाए जाने की आशंका जताई है। वहीं, बस संचालक ने भी घटना के पीछे साजिश होने की आशंका व्यक्त की है।

जानकारी के अनुसार, दोनों बसें चालक नारद चौधरी के घर के सामने खड़ी थीं। रात करीब 1 से 2 बजे के बीच बसों के पिछले हिस्से में आग लगनी शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों बसों को अपनी चपेट में ले लिया। पास में खड़ी एक अन्य बस को समय रहते वहां से हटा लिया गया, जिससे उसे नुकसान नहीं पहुंचा।

दोनों बसों की कीमत थी 48 लाख रुपए

आगजनी में नष्ट हुई बसों में एक 50 सीटर टूरिस्ट बस थी, जिसे संचालक दिनेश राठी ने अप्रैल 2025 में 36 लाख रुपए में खरीदा था। इस बस के लिए उन्हें हर महीने 70 हजार रुपए की किस्त चुकानी पड़ती थी। दूसरी बस 40 सीटर स्लीपर थी, जिसे वर्ष 2019 में 12 लाख रुपए में खरीदा गया था। दोनों बसों की कुल खरीद कीमत 48 लाख रुपए थी।

बसों से चलता था पूरे परिवार का खर्च

बस संचालक दिनेश राठी ने बताया कि जगह की कमी के कारण वे अपनी बसें ग्राम मटिया (अ) में चालक के घर के सामने खड़ी करते थे। उनका पूरा परिवार बस व्यवसाय पर निर्भर था। उन्होंने बताया कि उनके पिता पैरालिसिस से पीड़ित हैं और बड़े भाई की सड़क हादसे में पहले ही मौत हो चुकी है। ऐसे में बुजुर्ग माता-पिता, भाई और अपने परिवार की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है।

दिनेश राठी के अनुसार, बसें ही परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किससे ऐसी दुश्मनी थी, जिसके चलते परिवार की रोजी-रोटी के साधन को आग के हवाले कर दिया गया।

आगजनी की आशंका पर पुलिस करेगी अपराध दर्ज

अर्जुन्दा थाना प्रभारी नरेश देशमुख ने बताया कि खड़ी बसों में आग लगने की घटना हुई है। शुरुआती जांच में आग लगाए जाने की आशंका सामने आई है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?