
बिलासपुर में गिरधौरान मुक्तिधाम के पास चल रहा था जुए का फड़, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
बिलासपुर। दीपावली के त्योहार के दौरान जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम गिरधौरान का है, जहां मुक्तिधाम के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से 14 हजार रुपए नकद और ताश की गड्डी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे को सूचना मिली थी कि गिरधौरान मुक्तिधाम के पास जुए का फड़ संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे 15 लोगों को पकड़ लिया। सभी आरोपी ग्राम गिरधौरान के निवासी बताए गए हैं।
छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अशोक साहू (52), शिवा विश्वकर्मा (23), रामकुमार यादव (30), मानसिंह (30), बुचनू यादव (42), दिलहरण सिंगरौल (39), शिवकुमार सारथी (30), तीजराम साहू (40), जितेंद्र जायसवाल (21), वीरेंद्र सिंगरौल (20), शीतल सिंगरौल (28), छोटेलाल खुसरो (30), रोहित सिंगरौल (30), भूपेंद्र कौशिक (28) और धर्मेंद्र रजक (26) शामिल हैं।
दीपावली के मौके पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जब्त नकदी और ताश की गड्डी को कार्रवाई में शामिल किया है।
