
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित हुआ रक्तदान-महादान शिविर, 43 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
दुर्ग। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साईंस कॉलेज), दुर्ग में शनिवार को रक्तदान-महादान शिविर का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के शहीद वीर नारायण सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 43 यूनिट रक्तदान किया। एकत्रित रक्त जिला ब्लड बैंक, दुर्ग को सौंपा गया।

यह आयोजन दुर्ग जिला ब्लड बैंक एवं महाविद्यालय की एनसीसी, एनएसएस, यूथ रेडक्रॉस, एमएसडब्ल्यू तथा योग एवं दर्शन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस संबंध में महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. प्रशांत दुबे एवं एनएसएस अधिकारी डॉ. तरुण साहू ने संयुक्त रूप से बताया कि शिविर में महाविद्यालय के 8 प्राध्यापकों एवं 35 छात्र-छात्राओं ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिए पंजीयन कराया तथा कुल 43 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों में रक्तदान के प्रति उत्साह को देखते हुए आगामी जनवरी माह में पुनः रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्ग जिला ब्लड बैंक की डॉ. शीतल सोनी के नेतृत्व में लगभग 12 सदस्यीय टीम ने शिविर का सफल संचालन किया। माता सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ शिविर का शुभारंभ हुआ। इस दौरान स्वैच्छिक रक्तदान के लिए विद्यार्थियों की लंबी कतार देखने को मिली।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले में जब भी किसी गंभीर मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है, महाविद्यालय परिवार सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहता है।
शिविर प्रभारी डॉ. शीतल सोनी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वस्थ व्यक्ति निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप रक्तदान कर सकता है। उन्होंने रक्तदान से संबंधित भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि उचित अंतराल एवं चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार रक्तदान करना सुरक्षित है।
शिविर में रक्तदान करने वाले प्राध्यापकों में एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. प्रशांत दुबे, डॉ. मीना मान, डॉ. अम्बरीश त्रिपाठी, डॉ. सुदेश साहू, डॉ. प्रदीप जांगड़े, डॉ. मोतीराम साहू, डॉ. डूमन लाल साहू,डॉ. गोपाल राम, डॉ. राम किशोर तथा क्रीड़ा अधिकारी लक्ष्मेन्द्र कुलदीप शामिल रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. जगजीत कौर सलूजा, डॉ. अभिनेष सुराना, डॉ. जी.एस. ठाकुर, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ. सुमीत अग्रवाल, डॉ. सीमा पंजवानी, डॉ. निखिल देशलहरा, क्रीड़ा अधिकारी लक्ष्मेन्द्र कुलदीप, डॉ. मीना मान एवं डॉ. तरुण कुमार साहू सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
शिविर के माध्यम से महाविद्यालय परिवार ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए मानव सेवा एवं स्वैच्छिक रक्तदान का प्रेरक संदेश दिया।

