
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में शादी का झांसा देकर युवती को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप, पहले भी हो चुकी थी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में प्रेम संबंध और प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। विश्रामपुरी थाना क्षेत्र में एक युवती को कथित रूप से शादी का झांसा देकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान त्रिलोचन मरकाम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
जमानत पर छूटने के बाद फिर शुरू की प्रताड़ना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी युवती को शादी का झूठा वादा कर संबंध बनाने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी थी। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि, कुछ समय बाद जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद उसने कथित रूप से फिर युवती को मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया।
लगातार मिल रही प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने 27 अक्टूबर को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस
युवती की मौत के बाद परिजनों ने विश्रामपुरी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी त्रिलोचन मरकाम के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
