
बिलासपुर।नवरात्रि से पहले गरबा पास के प्रचार के लिए बनाए गए सोशल मीडिया वीडियो को लेकर बिलासपुर में विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में गरबा ड्रेस पहनी युवतियों को सिगरेट पीते और गन कल्चर दिखाते हुए नजर आने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा बाइक सवार युवकों के साथ गरबा पास का प्रचार करते हुए भी वीडियो सामने आया है। मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों में नाराजगी है।
एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपे वीडियो और तस्वीरें
मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचे और सोशल मीडिया से जुटाए गए वीडियो, स्क्रीनशॉट और तस्वीरों के साथ लिखित शिकायत दी। कार्यकर्ताओं ने वीडियो में शामिल युवती और अन्य लोगों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नवरात्रि और गरबा जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन के प्रचार के नाम पर आपत्तिजनक कंटेंट तैयार किया गया। उनका कहना है कि इस तरह की प्रस्तुति से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
गरबा पास के प्रचार के लिए बनाया गया था वीडियो
जानकारी के मुताबिक, खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली शिफा मैथ्यू के सोशल मीडिया अकाउंट से गरबा और धार्मिक संस्कृति से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं। आरोप है कि इनमें गरबा परिधान पहनी युवतियों को सिगरेट पीते, बंदूक दिखाते और बाइक पर बैठकर गरबा पास का प्रचार करते हुए दिखाया गया है।
बजरंग दल के प्रांत पदाधिकारी अंकुश ठाकुर ने आरोप लगाया कि गरबा ड्रेस में युवतियों को सिगरेट पीते और बंदूक दिखाते हुए प्रस्तुत करना आपत्तिजनक है। उन्होंने इस कंटेंट पर कार्रवाई की मांग की है।
संरक्षित गज किला में शूटिंग का भी आरोप
बजरंग दल के पदाधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो की शूटिंग रतनपुर स्थित संरक्षित गज किला क्षेत्र में की गई है। उनका कहना है कि यदि प्रतिबंधित या संरक्षित स्थल पर बिना अनुमति शूटिंग की गई है तो इस पहलू की भी जांच होनी चाहिए।
पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग
कार्यकर्ताओं के मुताबिक, शिकायत के बाद एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मामले में अब पुलिस जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि वीडियो कब और कहां बनाए गए, इसमें शामिल लोगों ने किसी नियम का उल्लंघन किया है या नहीं और संरक्षित स्थल पर शूटिंग के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं।

