
रिसाली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली में सेवा संकल्प अभियान एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने कार्यस्थल एवं शिक्षण संस्थान को स्वच्छ रखने के साथ-साथ समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों को विभिन्न समूहों में विभाजित किया गया। उन्होंने महाविद्यालय के मुख्य द्वार, खेल मैदान, उद्यान, बरामदे एवं सभी कक्षाओं की सघन साफ-सफाई की। कक्षाओं से धूल एवं जाले हटाए गए तथा परिसर में एकत्रित कचरे का उचित प्रबंधन किया गया। इस दौरान सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग एकत्र कर स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का संदेश दिया गया।
अभियान में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर के निर्माण में योगदान दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

