
रिसाली, 18 अगस्त 2026। शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली में संस्था प्रमुख डॉ. अनुपमा अस्थाना के मार्गदर्शन में मंगलवार को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशा विरोधी शपथ दिलाई गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने मादक पदार्थों से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2020 से देश के सभी जिलों में नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मादक द्रव्यों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत उच्च शिक्षा संस्थानों, विश्वविद्यालय परिसरों और स्कूलों में विशेष रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य एवं सामाजिक समस्याओं को समझते हुए नशे से दूर रहने की शपथ ली। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्लोगनों के माध्यम से नशा विरोधी संदेश देते हुए लोगों को जागरूक करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर प्रो. निवेदिता मुखर्जी, प्रो. नूतन कुमार देवांगन, डॉ. लिनेंद्र कुमार वर्मा, डॉ. रितु श्रीवास्तव, प्रो. वेदप्रकाश सिंह, श्री गुलशन देवांगन, श्री संतोष गौड़, श्री सुखनंदन साहू एवं श्री व्यासनारायण देवांगन सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
