साईंस कालेज, दुर्ग के भूविज्ञान विभाग में शिक्षण में नवाचार -विद्यार्थियों द्वारा निर्मित वॉल मैग्जीन “जियोलॉजिकल टाइम्स” का शुभारंभ

Spread the love

शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विभाग द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत शिक्षण में नवाचार के परिपालन में स्नातक स्तर के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गयी वॉल मैग्जीन “जियोलॉजिकल टाइम्स” का भूविज्ञान विभाग में शुभारंभ किया गया। यह जानकारी देते हुए भविज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि बीएससी तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा भूविज्ञान विषय से संबंधित नवीनतम जानकारी को समावेशित करते हुए यह वॉल मैग्जीन तैयार की गयी है। पूर्ण रूप से विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गयी इस मैग्जीन हेतु मार्गदर्शन भूविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने दिया है।

भूविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने इस वॉल मैग्जीन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रतिमाह प्रदर्शित होने वाली यह वॉल मैग्जीन “जियोलॉजिकल टाइम्स” हेतु भूविज्ञान विषय एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को एकत्र करने के लिए विद्यार्थियों में मेहनत के साथ-साथ प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी। डॉ. देशमुख ने बताया कि अभी प्रारंभिक दौर में प्रथम वॉल मैग्जीन “जियोलॉजिकल टाइम्स” का निर्माण बीएससी तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी शारदा देवांगन, पूजा, कुमकुम जायसवाल, नीलू वर्मा, पूर्वी साहू अविनाश साहू, अमन साहू, कृष्णा सोनी, अमित गौतम, गोपेश कुमार तथा मेहुल चन्द्राकर ने किया है। आने वाले समय में स्नातक स्तर के प्रथम एवं पंचम सेमेस्टर तथा स्नातकोत्तर स्तर के एमएससी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी भी इस प्रकार की वॉल मैग्जीन तैयार करेंगे। प्रथम वॉल मैग्जीन “जियोलॉजिकल टाइम्स” में मौसम संबंधी एलनिनो, शैल विज्ञान, मौसम विज्ञान, भू-जल विज्ञान, खनन विज्ञान, भूकंप, प्लेट विवर्तनिकी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के साथ-साथ विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में भूवैज्ञानिकों के भर्ती हेतु प्रकाशित विज्ञापन का भी उल्लेख किया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अजय कुमार सिंह ने भूविज्ञान द्वारा विद्यार्थियों हेतु शिक्षण में नवाचार की सराहना करते हुए अन्य विभागों से भी इस प्रकार के छात्रहित गतिविधियों के संचालन हेतु आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?