
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शिवनाथ नदी से बलौदाबाजार में पदस्थ एक उपनिरीक्षक (एसआई) की पत्नी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 43 वर्षीय प्रीति जॉन के रूप में हुई है। वह पिछले कई दिनों से लापता थीं। उनकी लावारिस स्कूटी मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान स्कूटी मिलने के स्थान से लगभग पांच किलोमीटर दूर बेलटुकरी-पथर्रा घाट के पास शिवनाथ नदी में उनका शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को मोहभट्ठा क्षेत्र में एक लावारिस स्कूटी मिलने की सूचना मिली थी। वाहन की डिक्की में चाबी मिलने के बाद नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया गया। जांच में पता चला कि स्कूटी प्रीति जॉन उपयोग कर रही थीं। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान नदी में उनका शव मिला। शव काफी हद तक क्षत-विक्षत और सड़ चुका था।
जांच में सामने आया है कि प्रीति जॉन के पति प्रियेश जॉन बलौदाबाजार जिले में यातायात थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों पिछले करीब छह महीने से अलग रह रहे थे। प्रीति बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र में रह रही थीं। पुलिस शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रीति 12 जुलाई से लापता थीं, लेकिन उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट किसी भी परिजन द्वारा दर्ज नहीं कराई गई थी। पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, हालांकि मौत के कारणों का खुलासा शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी मृतका का मोबाइल फोन माना जा रहा है, जो अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल मिलने के बाद घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

