
दुर्ग-भोपाल-दुर्ग ट्रेन में चादर ₹40, तकिया ₹30 और दोनों ₹70 में होंगे उपलब्ध
रायपुर। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में भी किराए पर बेडरोल उपलब्ध कराने की सुविधा शुरू की है। इसके लिए रेलवे ने एक निजी कंपनी को ठेका दिया है, जिसका अनुबंध वर्ष 2031 तक रहेगा।
नई व्यवस्था के तहत अब स्लीपर क्लास के यात्री अपनी जरूरत के अनुसार यात्रा के दौरान बेडरोल किराए पर ले सकेंगे। रेलवे द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार चादर 40 रुपए, तकिया 30 रुपए तथा चादर और तकिया दोनों 70 रुपए में उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह सुविधा ट्रेन संख्या 12853 दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 12854 भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस में लागू की गई है। अब तक बेडरोल की सुविधा मुख्य रूप से एसी कोच के यात्रियों के लिए ही उपलब्ध थी, लेकिन पहली बार स्लीपर क्लास के यात्रियों को भी यह सुविधा दी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाना है। इससे यात्रियों को अपनी चादर और तकिया साथ लेकर चलने की आवश्यकता नहीं होगी तथा जरूरत पड़ने पर वे कम शुल्क में स्वच्छ बेडरोल का उपयोग कर सकेंगे। रेलवे को उम्मीद है कि यह सुविधा यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाएगी।
