स्पोर्ट्स डेस्क | भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला आज इंग्लैंड के चेस्टर-ली-स्ट्रीट स्थित रिवरसाइड स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार रात 10:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस रात 9:30 बजे होगा। मुकाबले पर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है और मौसम विभाग ने लगभग 80 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है।
आयरलैंड के खिलाफ हालिया टी-20 सीरीज 2-0 से गंवाने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारतीय टीम जीत के साथ नए अभियान की शुरुआत करना चाहेगी। वहीं इंग्लैंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाकर सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी।
सीरीज से पहले सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के संभावित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को लेकर है। हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग-11 को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिए। उन्होंने कहा कि टीम संयोजन रणनीति का हिस्सा है और उचित समय आने पर सूर्यवंशी को अवसर मिलेगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 30 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। दोनों देशों के बीच अब तक नौ टी-20 सीरीज हुई हैं, जिनमें भारत ने पांच, इंग्लैंड ने तीन जीती हैं, जबकि एक सीरीज ड्रॉ रही। भारत ने पिछली लगातार पांच टी-20 सीरीज अपने नाम की हैं।
भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने वर्ष 2026 में 15 टी-20 मैचों में 545 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 200 का रहा है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी इस वर्ष 14 मैचों में 21 विकेट हासिल किए हैं।
इंग्लैंड की ओर से युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल शानदार लय में हैं। उन्होंने इस साल 11 मैचों में 305 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है। अनुभवी लेग स्पिनर आदिल रशीद ने भी 11 मुकाबलों में 18 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है।
रिवरसाइड स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों दोनों के लिए अनुकूल मानी जाती है। नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की संभावना रहती है। इस मैदान पर अब तक पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने तीन और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने दो मैच जीते हैं। भारतीय टीम पहली बार इस मैदान पर टी-20 मुकाबला खेलेगी।
इंग्लैंड ने पहले ही अपनी प्लेइंग-11 घोषित कर दी है, जबकि भारतीय टीम टॉस के समय अंतिम एकादश का ऐलान करेगी। भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर उपलब्ध रहेगी।


