
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी | जिले के 185 सरपंचों द्वारा विभिन्न शिकायतों को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन और सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने जिला पंचायत और जिले की तीनों जनपद पंचायतों की कार्यप्रणाली की जांच के लिए 12 सदस्यीय तीन जांच समितियों का गठन किया है।
सरपंचों ने हाल ही में जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया था और अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने प्रशासनिक गतिविधियों के बहिष्कार और सामूहिक इस्तीफा देने की भी चेतावनी दी थी। इसके बाद कलेक्टर ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए।
13 बिंदुओं पर होगी जांच
जांच समितियां फाइलों के लंबित रहने के कारण, स्वीकृत कार्यों की भौतिक प्रगति, ठेकेदारों और वेंडरों के भुगतान में देरी, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, मापन पुस्तिका (एमबी) और अभिलेखों की जांच, ई-ऑफिस एवं डिजिटल रिकॉर्ड की स्थिति, वित्तीय नियमों के पालन, लंबित शिकायतों के निपटारे, विभागीय समन्वय, अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तथा सुधारात्मक सुझावों सहित कुल 13 बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करेंगी।
तीन समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
पहली समिति का नेतृत्व अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम करेंगे। दूसरी समिति की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर मिथिलेश डोडे को दी गई है, जबकि तीसरी समिति का नेतृत्व संयुक्त कलेक्टर अमित नाथ योगी करेंगे। तीनों समितियों में विभिन्न विभागों के कार्यपालन अभियंता, डिप्टी कलेक्टर और कोषालय अधिकारियों सहित कुल 12 अधिकारियों को शामिल किया गया है।
प्रशासन ने सभी समितियों को निर्धारित बिंदुओं पर जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित मामलों में आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
