पत्नी को पति के चरित्र पर था शक, पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर ईंट-पत्थर और लकड़ी से पीटकर उतार दिया मौत के घाट

Spread the love

बतौली/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में चरित्र शंका के चलते एक महिला ने अपने ही पति की कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना बतौली थाना क्षेत्र के कदनई लोटा भावना गांव की है, जहां शुक्रवार देर रात पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। गुस्से में पत्नी ने पति पर ईंट, पत्थर और लकड़ी के फारी (फांके) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नेतराम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार रात पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि गुस्से में पत्नी मानकुंवर (40 वर्ष) ने घर के पास पड़े ईंट-पत्थरों और लकड़ी के फारी से पति पर लगातार वार किए। गंभीर रूप से घायल नेतराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चरित्र शंका को लेकर होता था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसे अपने पति के चरित्र पर संदेह था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने हमला कर दिया।

हत्या में इस्तेमाल सामान जब्त, आरोपी जेल भेजी गई

घटना की सूचना मिलने पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ईंट, पत्थर और लकड़ी का फारी जब्त कर लिया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?