पहले जेल, फिर बेल और उसके बाद फिर वही खेल: पुलिस कस्टडी में रील बनाने वाला युवक दोबारा गिरफ्तार

Spread the love

दुर्ग-भिलाई, 22 जून 2026। पुलिस कस्टडी में हथकड़ी पहनकर रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले युवक को सुपेला पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। इस बार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। महज दो दिन पहले जेल से जमानत पर बाहर आए युवक को धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने के आरोप में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी की पहचान युवराज सोनी उर्फ बिल्ला (19 वर्ष) निवासी कृष्णा नगर, मिनी माता चौक, थाना सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रविवार को सूचना मिली थी कि आर.के. मैदान के पास एक युवक हाथ में लोहे का धारदार चापड़ लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने चापड़ किया जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया। गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद थाना सुपेला में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस कस्टडी में बनाई थी रील

युवराज सोनी दो दिन पहले भी पुलिस कार्रवाई के कारण चर्चा में आया था। स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। कोर्ट ले जाते समय आरोपी ने पुलिस वाहन के अंदर हथकड़ी पहने हुए मोबाइल से वीडियो बनाया और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया था।

वीडियो में आरोपी हंसते हुए विक्ट्री साइन दिखाता नजर आया था। गिरफ्तारी के कुछ घंटों के भीतर ही यह रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। वीडियो के बैकग्राउंड में “आज जेल, कल बेल और परसो से वही खेल” गाना भी सुनाई दे रहा था, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया।

निगरानी बदमाश है आरोपी

पुलिस के मुताबिक युवराज सोनी थाना सुपेला का निगरानी बदमाश है और उसका नाम पहले से ही निगरानी सूची में दर्ज है। उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना मामला

पुलिस कस्टडी में रील बनाने और फिर जमानत मिलने के तुरंत बाद दोबारा गिरफ्तारी की घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?