राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित मनगट्टा के विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए रिसॉर्ट मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि युवती को उसके दोस्तों ने जबरन शराब पिलाई और उसे रिसॉर्ट ले गए, जहां रिसॉर्ट संचालक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जांच अभी जारी है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बाथरूम में मिली थी युवती की लाश
18 जून को मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट के बाथरूम में युवती का शव मिला था। मृतिका के शरीर पर खरोंच और चोट के निशान पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंदरूनी चोटों की भी पुष्टि हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम गठित की थी।
दोस्तों ने जबरन पिलाई शराब
पुलिस के अनुसार मृतिका भिलाई की रहने वाली थी और एक टॉकीज में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। आरोपी छत्रपाल देशमुख और घनश्याम बेलचंदन उसके परिचित थे। 18 जून को तीनों साथ घूमने निकले थे। जांच में सामने आया कि दोनों दोस्तों ने युवती को उसकी इच्छा के विरुद्ध शराब पिलाई, जिससे वह नशे की हालत में आ गई।
इसके बाद उसे राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट ले जाया गया। आरोप है कि वहां रिसॉर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। उसी रात युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
तकनीकी साक्ष्यों से हुआ खुलासा
मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री से युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर सोमनी थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
जांच में यह भी सामने आया कि युवती को योजनाबद्ध तरीके से रिसॉर्ट ले जाया गया था। पुलिस ने दो दिनों की जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी राजनांदगांव, रिसॉर्ट संचालक
- छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष), निवासी राजनांदगांव
- घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष), निवासी दुर्ग
रिसॉर्ट सील, आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट को भी सील कर दिया गया है।
एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और युवती की मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

