मोटा कहने की बात पर खूनी विवाद: 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, क्लासमेट गंभीर

Spread the love

तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। “मोटा” कहकर चिढ़ाने की पुरानी रंजिश के चलते 10वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच हुई मारपीट में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक अमन यदु (16 वर्ष) और आरोपी छात्र सासाहोली गांव के निवासी थे। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और पहले अच्छे दोस्त भी थे। बताया जा रहा है कि 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाया था। इस बात को लेकर अमन के मन में नाराजगी बनी हुई थी और दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था।

स्कूल की छुट्टी के बाद हुआ विवाद

शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों छात्र घर लौट रहे थे। इसी दौरान अमन ने पुराने विवाद को लेकर आरोपी छात्र को रोककर बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अमन ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से आरोपी छात्र के गले पर हमला कर दिया।

चाकू छीनकर किया पलटवार

हमले में घायल होने के बावजूद आरोपी छात्र ने किसी तरह अमन के हाथ से चाकू छीन लिया और पलटवार कर दिया। आरोपी ने अमन के सीने और गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं आरोपी छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका उपचार अस्पताल में जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इलाके में शोक और चिंता

घटना के बाद मृतक छात्र के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस घटना ने किशोरों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और स्कूलों में छात्रों के बीच बढ़ रहे तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जाएगा।

मृतक अमन यदु

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?