इजराइल में होम बेस्ड केयर गिवर के 3,500 पदों पर सीधी भर्ती, युवाओं को मिलेगा विदेश में रोजगार का अवसर

Spread the love

दुर्ग। छत्तीसगढ़ सहित देशभर के युवाओं के लिए इजराइल में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) के अंतर्गत भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत होम बेस्ड केयर गिवर के 3,500 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार कार्यालय ने पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन करने की अपील की है।

जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को सभी निर्धारित कटौतियों के बाद प्रतिमाह लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपए का शुद्ध वेतन प्राप्त होगा। प्रारंभिक नियुक्ति दो वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकता और प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

भर्ती के तहत चयनित कर्मचारियों को नियोक्ता द्वारा आवास, भोजन तथा चिकित्सा बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा वर्ष में 9 राष्ट्रीय अवकाश और 16 वार्षिक अवकाश का लाभ भी मिलेगा। कार्य सप्ताह में छह दिन निर्धारित रहेगा।

पात्रता की शर्तें

इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। आवेदक न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण हो तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया हो। इसके साथ ही कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट, निर्धारित स्वास्थ्य मानकों की पूर्ति तथा मान्य केयर गिविंग या संबंधित नर्सिंग योग्यता होना अनिवार्य है।

अधिकारियों के अनुसार, ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में इजराइल में कार्य किया है, वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।

ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा

इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। रोजगार विभाग ने पात्र युवाओं से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और इस अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?