देखना चाहती थी पुलिस कितनी जल्दी आती है…” थाने में टावर पर चढ़ी युवती को पुलिस समझाती रही, वो मोबाइल देखती रही, फिर लगा ली फांसी

Spread the love

कुनकुरी 26 मई 2026। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। थाना परिसर के सामने स्थित टावर पर चढ़कर 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।मृतका की पहचान धुमाडांड गांव निवासी नीलिमा लकड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और मोबाइल पर घंटों वीडियो देखने की आदी हो चुकी थी। परिवार का दावा है कि वह अक्सर फांसी और आत्महत्या से जुड़े वीडियो देखा करती थी।

पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश

परिजनों ने बताया कि नीलिमा का सेमरडीह गांव निवासी निशांत टोप्पो नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था और वह उसी के साथ रहती थी। करीब एक साल पहले मामूली विवाद के बाद उसने आम के पेड़ पर फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया था।परिवार ने उसकी मानसिक स्थिति को सुधारने के लिए इलाज के साथ झाड़-फूंक और चंगाई तक कराई थी। कुछ समय तक हालत सामान्य रहती, लेकिन बाद में फिर उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ जाती थी।

बेटी का आधार बनवाने गई, फिर अचानक हो गई गायब

घटना से एक दिन पहले नीलिमा अपनी मां पुष्पा लकड़ा के साथ अपनी तीन साल की बेटी का आधार कार्ड बनवाने कुनकुरी अस्पताल गई थी। दोपहर करीब एक बजे किसी का फोन आने के बाद वह अचानक वहां से चली गई।रात करीब 8 बजे मां ने फोन पर बात की तो नीलिमा ने घर लौटने की बात कही, लेकिन वह वापस नहीं पहुंची।

डायल 112 को फोन कर ली पुलिस की “परीक्षा”

पुलिस के मुताबिक रात करीब 3 बजे पेट्रोलिंग टीम को नीलिमा होलीक्रॉस अस्पताल के पास घूमते हुए मिली थी। पुलिसकर्मियों ने समझाइश देकर उसे घर भेज दिया था।इसके कुछ देर बाद तड़के करीब 4 बजे नीलिमा ने खुद डायल 112 पर फोन कर कहा कि “कुनकुरी थाने में कोई नहीं है।” सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां नीलिमा ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह सिर्फ यह देखना चाहती थी कि सूचना मिलने पर पुलिस कितनी जल्दी पहुंचती है।

मोबाइल पर वीडियो देखते-देखते टावर पर लगा ली फांसी

सुबह करीब 5 बजे थाने के सामने रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने देखा कि युवती पुलिस थाने के टावर पर चढ़ी हुई है और मोबाइल पर बात कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने युवती से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए मना लिया था और वह तैयार भी हो गई थी। लेकिन इसी दौरान वह फिर मोबाइल पर कोई वीडियो देखने लगी और अचानक टावर पर ही फांसी के फंदे पर झूल गई।

घटना के दौरान लोग बनाने लगे रील

घटना की जानकारी फैलते ही थाना परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान कुछ लोग वीडियो और रील बनाने लगे, जिन्हें पुलिस अधिकारियों ने कड़ी फटकार लगाकर रोका।मामले की गंभीरता को देखते हुए  कुनकुरी पुलिस स्टेशन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?