
एमए की छात्रा ने मलेरिया की 50 गोलियां निगलीं, परिवार में पसरा मातम
सूरजपुर। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पिता से मामूली विवाद के बाद एक छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। गुस्से में आकर छात्रा ने घर में रखी मलेरिया की करीब 50 गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका की पहचान अंजली साहू के रूप में हुई है, जो रेवती रमण महाविद्यालय में एमए की छात्रा थी। वह कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनपुर इलाके की रहने वाली बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय घर में पोछा लगाया जा रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्य बार-बार पोछे वाली जगह से गुजर रहे थे। छात्रा ने इस बात को लेकर टोका, जिस पर उसका अपने पिता से विवाद हो गया। विवाद के बाद अंजली नाराज होकर अपने कमरे में चली गई और घर में रखी मलेरिया की गोलियां खा लीं।
कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं छात्रा की मौत से परिवार सदमे में है।



