
कोरबा, 13 मई 2026। Government Medical College Hospital में इलाज में कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना में घायल महिला के पैर का ऑपरेशन तो कर दिया गया, लेकिन डॉक्टर रॉड को स्थिर रखने के लिए जरूरी प्लांटर/सपोर्ट उपकरण लगाना ही भूल गए। मामले का खुलासा ऑपरेशन के दो दिन बाद कराए गए एक्स-रे में हुआ, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, छुरी गांव निवासी भूरी मरकाम सड़क हादसे में घायल हो गई थीं। दुर्घटना में उनके पैर की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला के पैर में रॉड डालकर सर्जरी की।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद भी महिला लगातार दर्द से परेशान थी। स्थिति को देखते हुए दो दिन बाद दोबारा एक्स-रे कराया गया। जांच में सामने आया कि पैर में लगाई गई रॉड को स्थिर करने वाला आवश्यक उपकरण नहीं लगाया गया है। इस खुलासे के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया।
मामले के सामने आने के बाद मरीज और उसके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, अस्पताल प्रशासन अब महिला की दोबारा सर्जरी कराने की तैयारी में है, ताकि तकनीकी त्रुटि को सुधारा जा सके।
इधर, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमएस Dr. Gopal Kanwar ने मामले को सीधे तौर पर लापरवाही मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह मेडिकल प्रक्रिया का हिस्सा है और आगे आवश्यक सर्जरी की जाएगी। हालांकि, इस घटना के बाद अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और इलाज की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


