80 साल के बुजुर्ग को शादी का सपना पड़ा महंगा : शादी का झांसा देकर बुजुर्ग से लूटे लाखों रुपए, महीनों तक चलता रहा खेल, ऐसे हुआ खुलासा…..

Spread the love

 

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस बार ठगों ने शादी का झांसा देकर एक 80 वर्षीय बुजुर्ग को निशाना बनाया और उनसे कुल 9 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, हांडीपारा एचएमटी चौक निवासी मनहरण लाल टिकरिहा, जो रविशंकर विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त टेक्नीशियन हैं, ने अपनी शादी के लिए दिल्ली स्थित एक मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया था। इसी दौरान उन्हें “रजनी शर्मा” नाम की एक महिला का मोबाइल नंबर दिया गया।

महिला ने खुद को कोरबा निवासी और रेलवे इंजीनियर के पद से रिटायर्ड बताया। बातचीत के दौरान उसने बेहद सहज और भरोसेमंद तरीके से बुजुर्ग से संपर्क बढ़ाया। कुछ ही दिनों में दोनों के बीच बातचीत गहरी हो गई और महिला ने शादी का प्रस्ताव रख दिया।

14 जून 2025 को पहली बार फोन पर बातचीत हुई, जिसके अगले ही दिन यानी 15 जून को आरोपी महिला ने फोन कर घर में शादी का बहाना बनाते हुए 1.50 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने विश्वास में आकर अपने एसबीआई खाते से चेक के माध्यम से 1.40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद ठगी का सिलसिला शुरू हो गया। 18 जून को एक अन्य अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें बताया गया कि “रजनी शर्मा” का पटना में एक्सीडेंट हो गया है और ऑपरेशन के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है। भावनात्मक रूप से प्रभावित होकर पीड़ित ने फिर 1.50 लाख रुपये भेज दिए।

आरोपी ने इसी तरह अलग-अलग बहानों का सहारा लिया—कभी इलाज, कभी पारिवारिक समस्या तो कभी इमरजेंसी खर्च बताकर पैसे मांगती रही। यह सिलसिला करीब सात महीने तक चलता रहा। 15 जून 2025 से लेकर 9 जनवरी 2026 के बीच पीड़ित ने कई बार में कुल 9 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

मार्च 2026 में जब आरोपी का मोबाइल नंबर अचानक बंद हो गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने थाना आजाद चौक में लिखित शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?