जांजगीर में कांग्रेस नेता के घर में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, बड़े बेटे की मौत…..छोटे की हालत गंभीर

Spread the love

 

जांजगीर-चांपा 24 अप्रैल 2026। जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा क्षेत्र के करही गांव में देर रात हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता और सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में कांग्रेस नेता के बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस क्षेत्र में नाकेबंदी कर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक ये घटना बिर्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक करही गांव में ब्लाक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप का परिवार निवास करता है। पेशे से सीमेंट-रेत का कारोबार करने वाले सम्मेलाल कश्यप गुरूवार की रात परिवार के साथ मौजूद थे। बताया जा रहा है कि देर रात तीन नकाबपोश बदमाश लूट की नीयत से घर में घुस गये। घर में दाखिल होते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और कमरों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न मांग सके। इसके बाद आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी की इस घटना में कांग्रेस नेता के बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप को दाहिने हाथ में गोली लगी है। परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आशुतोष से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस वारदात के बाद करही गांव सहित पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी हिचकिचा रहे हैंए जबकि पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?