
दुर्ग-भिलाई |
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवक ने माता-पिता की डांट के डर से बीएसएनएल टावर से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएसपी अस्पताल के पीछे स्थित टाउनशिप इलाके की है।
सुबह मिली युवक की लाश
घटना की जानकारी पुलिस को सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव टावर के नीचे पड़ा हुआ पाया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
गाड़ी एक्सीडेंट बना वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक एक दिन पहले कार चला रहा था, इसी दौरान उसकी गाड़ी दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस घटना के बाद वह काफी तनाव में था और उसे डर था कि माता-पिता के लौटने पर उसे डांट पड़ेगी।
घर पर नहीं थे माता-पिता
घटना के समय युवक के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। वे नागपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे। युवक घर पर अकेला था।
इकलौता बेटा था, कर रहा था पढ़ाई
मृतक की पहचान आकाश चंद्रिकापुरे (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नंदिनी नगर टाउनशिप के स्ट्रीट नंबर 3 का निवासी था। वह रायपुर में रहकर माइनिंग की पढ़ाई कर रहा था और बीएसपी कर्मी का इकलौता बेटा था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिवार के सदस्य दुर्ग के लिए रवाना हो चुके हैं।
