लव ट्राइंगल में मर्डर: शादीशुदा प्रेमिका के दो-दो आशिक, नितेश बत्रा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, युवती, सहित पांच गिरफ्तार

Spread the love

 

रायपुर 3 अप्रैल 2026। राजधानी से सटे अभनपुर में हुए बहुचर्चित नितेश बत्रा हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस पूरे मामले के पीछे लव ट्राइंगल की कहानी सामने आई है, जिसमें प्यार, धोखा और साजिश ने मिलकर एक युवक की जान ले ली। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक नितेश बत्रा और आरोपी श्याम सुंदर, दोनों एक ही युवती से प्रेम करते थे। यही प्रेम संबंध इस हत्याकांड की जड़ बना।

आरोपी श्याम सुंदर, जो रायपुर में आलू-प्याज का थोक व्यापारी है, ने इस रिश्ते को लेकर गहरी रंजिश पाल ली थी और अंततः उसने नितेश को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।योजना के तहत आरोपी युवती ने नितेश को मिलने के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान अचानक उस पर लोहे के पाइप से सिर पर हमला कर दिया गया। हमले से नितेश जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद श्याम सुंदर ने मौके पर पहुंचकर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। श्याम सुंदर अपने दो नाबालिग नौकरों, सुमित कोसले और माइकल के साथ ऑटो में शव को लेकर सुनसान इलाके में पहुंचा। वहां नाबालिगों और सुमित कोसले ने गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि इस काम के लिए उन्हें कुछ पैसे और शराब की बोतल दी गई थी।

इस जघन्य वारदात में कुल पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें दो नाबालिग, दो बालिग युवक और एक युवती शामिल है। पुलिस ने युवती और श्याम सुंदर को इलाहाबाद के एक होटल से गिरफ्तार किया है। वहीं सुमित कोसले सहित अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि एक आरोपी माइकल अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती शादीशुदा है और एक बच्चे की मां भी है, जिससे यह मामला और भी जटिल और चौंकाने वाला बन गया है।इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट अभनपुर थाना में दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?