*शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव की पहल – दीपक नगर स्कूल में बढ़ेंगी सुविधाएं, बनेंगे नए कक्ष*

Spread the love

दुर्ग। प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय स्कूलों के उन्नयन और संधारण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग के दीपक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का विस्तृत निरीक्षण किये जहां विकास कार्य किया जाना है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में प्रस्तावित विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन किये और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
       शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्कूल में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया जाएगा, जिससे पढ़ाई का माहौल बेहतर बनेगा। इसके साथ ही स्कूल परिसर में डोमशेड का निर्माण किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को खेलकूद, प्रार्थना सभा, शैक्षणिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक गतिविधियां और अन्य गतिविधियों के लिए सुरक्षित एवं मौसम के अनुकूल स्थान उपलब्ध होगा।
     शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि इन सभी निर्माण कार्यों से स्कूल का शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा तथा विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के 11 शासकीय स्कूलों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि 10 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू की गई है। इन स्मार्ट कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल बोर्ड, ऑडियो-वीडियो सामग्री और आधुनिक तकनीक के जरिए पढ़ाई का अवसर मिल रहा है, जिससे उनकी समझ और रुचि में वृद्धि हो रही है।
     उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच शिक्षा के स्तर में किसी प्रकार का अंतर न रहे। हर बच्चे को समान अवसर मिले और वह आधुनिक शिक्षा से जुड़ सके, यही प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, पार्षद लीलाधर पाल, मनोज सोनी, आरईएस के इंजीनियर, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?