
दुर्ग। वर्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर साइंस कॉलेज दुर्ग में संस्कृत एवं योग विभाग द्वारा प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यज्ञ एवं देवी पूजन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधानपूर्वक यज्ञ से हुआ, जिसमें संस्कृत, योग सहित विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक आहुति प्रदान की। भारतीय संवत्सर के अनुसार नववर्ष पर लोकमंगल की कामना करते हुए विशेष आहुतियाँ अर्पित की गईं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कामधेनु विश्वविद्यालय अंजोरा (दुर्ग) के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. ओ.पी. मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति को जीवन की आधारशिला बताते हुए इसकी वैज्ञानिकता पर प्रकाश डाला और कहा कि भारतीय नव वर्ष आध्यात्मिक, प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को भारतीय नववर्ष, चैत्र नवरात्रि एवं गुड़ी पड़वा की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह समय वसंत ऋतु का चरम होता है, जब प्रकृति में नवजीवन का संचार होता है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी यह दिन सूर्य की स्थिति में परिवर्तन एवं नए संवत्सर का संकेत देता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अनुपमा कश्यप, डॉ. अंबरीश त्रिपाठी, रश्मि गौर, डॉ. शारदा सिंह, श्रीमती उमा आडिल, डॉ. असावरी एवं डॉ. निधि मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. जनेन्द्र कुमार दीवान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन योग विभागाध्यक्ष लक्ष्मेंद्र कुलदीप द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में योग विभाग की प्राध्यापक डॉ. नीरा सिंह एवं समस्त विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा।

