
फर्जी जियो-टैगिंग और मस्टर रोल घोटाला: 10 लाख से ज्यादा की हेराफेरी, सचिव और रोजगार सहायक गिरफ्तार
कुसमी | बड़ी खबर जनपद पंचायत शंकरगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिगवां में प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विस्तृत जांच के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव जॉन कुमार टोप्पो और ग्राम रोजगार सहायक संजय दास को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कैसे हुआ घोटाला?जनपद पंचायत के सीईओ वेदप्रकाश पांडे के अनुसार, आरोपियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे मकानों को कागजों में पूर्ण दिखाकर उनका फर्जी जियो-टैगिंग किया। इसके बाद हितग्राहियों के खातों में राशि ट्रांसफर करवाई गई और अंगूठा लगवाकर रकम निकालकर गबन कर लिया गया।
मनरेगा में भी खेल!इतना ही नहीं, मनरेगा योजना में भी फर्जी मस्टर रोल तैयार कर मजदूरी की राशि गलत खातों में ट्रांसफर की गई। जांच में पाया गया कि कई ऐसे मकानों को भी पूरा दिखाकर भुगतान कर दिया गया, जो अभी निर्माणाधीन थे।
घोटाले का पूरा हिसाब7 हितग्राहियों के नाम पर: ₹9,05,000मनरेगा से गड़बड़ी: ₹1,00,881
कुल गबन: ₹10,05,881
जांच में क्या सामने आया?पंचायत में 26 आवास पूर्ण और 47 निर्माणाधीन बताए गए, लेकिन कई अधूरे मकानों को भी पूरा दिखाकर भुगतान कर दिया गया। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिससे पूरे पंचायत तंत्र में हड़कंप मच गया है।
सख्त कार्रवाई के संकेत प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
