
बिलासपुर 19 मार्च 2026। न्यायधानी बिलासपुर में शराब के नशे में धुत्त एक युवती ने जमकर हंगामा किया। वाहन चेकिंग के दौरान जब नशे में धुत्त स्कूटी सवार युवती को पुलिस ने रोका, तो उसने कार्रवाई का विरोध करते हुए विवाद शुरू कर दिया। सरेराह हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामा का वीडियो सामने आया है, जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए युवती का स्कूटी को जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम राजीव गांधी चौक पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी की जा रही थी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पुलिस की टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 10ः30 बजे महाराणा प्रताप चौक की ओर से आ रही स्कूटी सवार युवती पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगी।
इसी दौरान स्कूटी सवार युवती सड़क पर स्कूटी सहित गिर गई। इसके मौके पर पहुंची पुलिस को देख उल्टे युवती पुलिस जवानों पर ही भड़क गई। पुलिसकर्मी उसे संभालने की कोशिश की, तो वह उनके साथ बदसलूकी करने लगी। पुलिस ने युवती को ब्रेथ एनालाइजर में फूंक मारने को कहा, तब उसने बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया और जांच से बचने की कोशिश करती रही। काफी मशक्कत के बाद उसने जांच कराई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट 185 के तहत कार्रवाई करते हुए स्कूटी को जब्त कर लिया है। उधर पुलिस के साथ लड़की के विवाद को देख लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। लोग इस घटना का वीडियों बनाने लगे, तो युवती गुस्से में आ गई और गाली-गलौज करने लगी। विवाद के दौरान उसने कहा कि….इतना क्या वीडियो बना रहे हो, ज्यादा से ज्यादा फांसी होगा न और क्या होगा ? बना ले वीडियो, रील्स बनाकर वायरल कर देना। कोलेप्स कर देना और क्या होगा। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


