
अर्जुन्दा |
शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय, अर्जुन्दा में दिनांक 14 मार्च 2026 को करियर परामर्श एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा कौशल संवर्धन एवं उद्यमिता प्रकोष्ठ के अंतर्गत “करियर गाइडेंस” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय द्वारा Simpleभाषा के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के भविष्य एवं उनकी जीविकोपार्जन क्षमता को ध्यान में रखते हुए एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर Simpleभाषा के संस्थापक डॉ. प्रतीक शर्मा ने विद्यार्थियों से शैक्षणिक, व्यक्तिगत तथा रोजगार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने करियर के प्रति सजग रहने तथा स्वयं के भीतर समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसे प्रश्नों पर खुलकर विचार करने के लिए प्रोत्साहित करना था, जिन्हें वे सामान्यतः पूछने में संकोच करते हैं। यह पहल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता के विकास में सहायक सिद्ध हुई।
उल्लेखनीय है कि Simpleभाषा महाविद्यालय का MoU पार्टनर है और यह कार्यक्रम महाविद्यालय की MoU गतिविधियों का हिस्सा था। कार्यक्रम में बी.एससी., बी.कॉम एवं बी.ए. के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता ने की। अंत में आभार प्रदर्शन कौशल संवर्धन एवं उद्यमिता प्रकोष्ठ की संयोजक प्रभा शर्मा द्वारा किया गया।

