अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, इस तारीख तक कर सकते है आवेदन, देखें डिटेल…..

Spread the love

दुर्ग। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत दुर्ग जिले के अविवाहित पुरुष एवं महिला उम्मीदवार 01 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐसे अभ्यर्थी जिनकी जन्म तिथि 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के मध्य है, वे अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए पात्र होंगे। भर्ती अभियान के माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी (पुरुष एवं महिला), अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) के पदों पर चयन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त अधिसूचना में सिपाही (फार्मा) के पदों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पद के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिनकी जन्म तिथि 01 जुलाई 2002 से 01 जनवरी 2008 के बीच होना अनिवार्य है। संबंधित पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड और अन्य आवश्यक शर्तें भारतीय सेना की आधिकारिक अधिसूचना में विस्तृत रूप से उपलब्ध हैं।

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army (www.joinindianarmy.nic.in) पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें तथा आवश्यक दस्तावेजों को निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिसूचना के अनुसार भर्ती के लिए ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) का आयोजन 01 जून 2026 से 15 जून 2026 के मध्य होने की संभावना है। परीक्षा की तिथि, प्रवेश पत्र एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

विशेष जानकारी और मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय नवा रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग के सूचना पटल का अवलोकन कर भर्ती से संबंधित अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?