
दुर्ग-भिलाई |
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात घुमंतू महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब डेढ़ महीने बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला को खाना खिलाने का झांसा देकर खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को कुम्हारी के केवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित एक खेत में महिला का अर्धनग्न शव बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई, जिससे मामला हत्या का साबित हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, 100 घंटे से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।
28 फरवरी को पुलिस ने महाराजा देवार उर्फ राजा देवार (22 वर्ष), निवासी रामनगर, बजरंग चौक, वार्ड क्रमांक 07, कुम्हारी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महिला क्षेत्र में घर-घर जाकर खाना मांग रही थी। उसने महिला को भोजन कराने का भरोसा दिलाया और सुनसान खेत में ले गया। वहां उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि आरोपी द्वारा दुष्कर्म का प्रयास किया गया था। वारदात स्थल पूरी तरह सुनसान क्षेत्र में स्थित है। महिला का शव घटना के लगभग सात दिन बाद बरामद हुआ था।
घटनास्थल से पुलिस ने एक चप्पल, टूटी बटन वाली शर्ट, शर्ट का बटन, ए-वन पाउच और पानी की बोतल जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी हत्या के एक मामले में नामजद रह चुका है। इधर, मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास जारी रखे हुए है।


