इंजीनियर फिर BSP नौकरी छोड़कर  बना बाइक चोर: BSP पार्किंग से 31 वाहन चोरी करने वाला सरगना गिरफ्तार, बस में बैठकर रायपुर से आता था चोरी करने

Spread the love

दुर्ग-भिलाई | भिलाई में वाहन चोरी के बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है, जो मैकेनिकल इंजीनियर होने के साथ पहले Bhilai Steel Plant (बीएसपी) में संविदा कर्मचारी रह चुका है। आरोपी ने नौकरी छोड़ने के बाद प्लांट की पार्किंग को ही अपना निशाना बना लिया और पिछले एक वर्ष में 31 दोपहिया वाहन चोरी कर लिए।
मुख्य आरोपी ई. पापा राव को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया। फुटेज में वह लंगड़ाते हुए दिखाई दे रहा था, जिससे उसकी पहचान करने में पुलिस को सफलता मिली। आरोपी के पैर में लोहे की रॉड लगी है, जिसके कारण उसके चलने का अंदाज अलग है।

बस से आता, पैदल पहुंचता और करता चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्तमान में रायपुर के चंगोरा भाठा में रह रहा था। वह बस से रायपुर से भिलाई आता, पावर हाउस चौक पर उतरकर पैदल बीएसपी के मेन गेट स्थित पार्किंग तक पहुंचता और मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी कर लेता।

खासतौर पर होंडा साइन बाइक थी निशाने पर
आरोपी के पास मास्टर चाबी थी, जिससे वह खासतौर पर Honda Shine मॉडल की बाइक को आसानी से खोल लेता था। जून 2024 से वह लगातार वारदात को अंजाम दे रहा था। भिलाई-भट्टी थाना में ही उसके खिलाफ 23 बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं।

जशपुर में खपाता था चोरी की गाड़ियां
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी की गई बाइक को वह जशपुर जिले के कुनकुरी में अपने दो सहयोगियों के जरिए बेचता था। पुलिस ने कुनकुरी से 11 बाइक बरामद कर मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मैकेनिक हैं और चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने में सहयोग करते थे।

एक साल में 31 बाइक चोरी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 1 जनवरी से 14 दिसंबर 2025 के बीच कुल 31 बाइक चोरी हुईं। इनमें 19 बाइक बीएसपी मेन गेट पार्किंग से, 4 बाइक बोरिया गेट पार्किंग से और अन्य बाइक विभिन्न स्थानों से चोरी की गईं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 31 लाख रुपए मूल्य के 31 वाहन जब्त किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?