बोर्ड परीक्षा से पहले 10वीं की छात्रा ने की खुदकुशी, भिलाई में फंदे से लटकती मिली लाश

Spread the love

दुर्ग-भिलाई |
छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले एक दर्दनाक घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 20 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं के बीच 10वीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना जामुल थाना क्षेत्र की है।

रात 12 बजे तक करती रही पढ़ाई
जानकारी के अनुसार, घासीदास नगर निवासी  कक्षा 10वीं की 17 वर्षीय छात्रा थी। वह स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल, हाउसिंग बोर्ड में अध्ययनरत थी। सोमवार को वह स्कूल से अपना एडमिट कार्ड लेकर घर लौटी थी। परिजनों ने बताया कि वह सामान्य थी और देर रात करीब 12 बजे तक पढ़ाई कर रही थी।
परिवार में पांच बहनों में वह तीसरे नंबर पर थी। किसी प्रकार की परेशानी के संकेत परिजनों को नहीं मिले थे।

सुबह कमरे में फंदे से लटकी मिली
मंगलवार सुबह जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो छात्रा दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जामुल पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कचांदूर स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

कारणों की जांच में जुटी पुलिस
जामुल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। प्राथमिक तौर पर परीक्षा के दबाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
नोट: परीक्षा के दौरान बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं। यदि कोई छात्र मानसिक तनाव में हो तो उसे परिवार और शिक्षकों का सहयोग व मार्गदर्शन मिलना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?