एकतरफा प्यार में जानलेवा हमला: मंदिर से लौट रही विवाहिता पर कटर से ताबड़तोड़ वार, 60 टांके लगे, ICU में भर्ती

Spread the love

दुर्ग-भिलाई | छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार के जुनून में युवक ने विवाहिता पर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मंदिर से लौटते वक्त रास्ता रोककर किया हमला
घटना 15 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है। महाशिवरात्रि के अवसर पर पीड़िता अपने मायके शिवपारा स्टेशन मरोदा आई हुई थी। वह बैकुंठधाम मंदिर में पूजा कर घर लौट रही थी। इसी दौरान इंदा चौक के पास एक गली में पहले से पीछा कर रहे टायलेट नाम के युवक ने उसे रोक लिया।
बताया जा रहा है कि युवक बातचीत करने का दबाव बना रहा था। महिला के इंकार करते ही वह भड़क उठा और अपने पास रखे कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गर्दन, कलाई और चेहरे पर गंभीर चोट
हमले में महिला की गर्दन, दाहिने हाथ की कलाई, गाल और पसलियों के पास गहरी चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक उसके शरीर पर करीब 60 टांके लगे हैं। अधिक रक्तस्राव के चलते हालत गंभीर बनी हुई है और उसे ICU में भर्ती कराया गया है।

लोगों ने दौड़कर बचाई जान
हमले के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने बीच-बचाव कर आरोपी को पकड़ लिया, जिससे महिला की जान बच सकी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय पर मदद नहीं मिलती तो घटना और भी भयावह हो सकती थी।

छह साल से कर रहा था पीछा
परिजनों के अनुसार आरोपी पिछले छह वर्षों से महिला को परेशान कर रहा था। कॉलेज के समय से ही वह एकतरफा प्यार में दबाव बना रहा था। वर्ष 2023 में युवती की शादी रायपुर निवासी युवक से हुई, जो मंत्रालय में कार्यरत है।
शादी के बाद भी आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। जब-जब महिला मायके आती, वह फिर से संपर्क करने और धमकाने की कोशिश करता था। आरोपी का घर पीड़िता के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।

पहले भी दे चुका था धमकी
परिवार का कहना है कि आरोपी ने पहले भी पीड़िता के पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। कई बार घर के आसपास घूमकर डराने की कोशिश की गई, लेकिन इस बार उसने सीधे जानलेवा हमला कर दिया।

आरोपी गिरफ्तार, सख्त कार्रवाई की मांग
पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें कड़ी और उदाहरणात्मक सजा चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?