बालोद | 16 फरवरी
छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में महाशिवरात्रि की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम माहुद-बी स्थित श्मशान घाट में तीन साल की मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ कर कंकाल का सिर गायब कर दिया गया। कब्र के पास नींबू, चावल, दिया, झिल्ली में रखा कच्चा मांस और अन्य तांत्रिक सामग्री बिखरी मिली, जिससे तंत्र-मंत्र की आशंका जताई जा रही है।
किसान की नजर पड़ी तो हुआ खुलासा
घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ जब एक ग्रामीण किसान खेत जाने के दौरान श्मशान घाट से गुजरा। उसने देखा कि तीन माह पूर्व दफनाई गई बच्ची की कब्र के पास संदिग्ध सामग्री पड़ी हुई है और मिट्टी भी उखड़ी हुई है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
9 अक्टूबर 2025 को हुई थी मासूम की मौत
मृत बच्ची प्रिया साहू (3 वर्ष) की 9 अक्टूबर 2025 को बीमारी के कारण मौत हो गई थी। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब कब्र से छेड़छाड़ की घटना ने उन्हें फिर से झकझोर दिया। परिजनों का आरोप है कि कब्र खोदकर कंकाल का सिर निकाल लिया गया और दोबारा मिट्टी डालकर उसे ढंक दिया गया।
एसडीएम की अनुमति से दोबारा खुदाई
ग्रामीणों की शिकायत के बाद गुंडरदेही एसडीएम की अनुमति से धारा 505 के तहत दोपहर करीब 3 बजे कब्र की दोबारा खुदाई कराई गई। पुलिस की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के बीच लगभग चार फीट नीचे शव बरामद हुआ। परिजनों का दावा है कि कंकाल से सिर गायब था।
शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महाशिवरात्रि की रात तांत्रिक क्रिया होने की आशंका है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 301 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
एएसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले भी सामने आ चुका है तंत्र विद्या से जुड़ा मामला
करीब नौ माह पहले पड़ोसी गांव सिर्राभाठा में तंत्र विद्या के संदेह में बैगा पुनीत राम गोंड़ की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पांच आरोपी वर्तमान में जेल में हैं।
ताजा घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और श्मशान घाट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



