
700-800 ग्रामीणों ने दफ्तर में घुसकर की तोड़फोड़, वाहनों को पहुंचाया नुकसान
कोंडागांव। जिले के कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्लांट में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्लांट परिसर में घुसकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 700-800 ग्रामीण लाठी-डंडे और पत्थर लेकर प्लांट पहुंचे और कार्यालय सहित परिसर में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की।

फोर्स पर गुलेल से हमला, कई वाहनों के शीशे टूटे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने दफ्तर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। कैंपस में खड़ी कार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। हालात बिगड़ने पर मौके पर तैनात पुलिस बल पर भी गुलेल से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
‘वेस्ट’ से फसलों को नुकसान का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाले वेस्ट (अपशिष्ट) के कारण आसपास की फसलों को नुकसान हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से आक्रोश था, जो गुरुवार को हिंसक रूप ले बैठा।
पुलिस जांच में जुटी, हालात काबू में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल प्लांट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।



