
दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा जारी अधिसूचना क्रमांक 475/परीक्षा/वार्षिक/2025-26 दिनांक 07 जनवरी 2026 के अंतर्गत वार्षिक परीक्षा 2026 के लिए परीक्षा आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि 05 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी। निर्धारित समय-सीमा तक अनेक विद्यार्थी परीक्षा आवेदन जमा नहीं कर पाए थे।
छात्रहित को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा आवेदन फार्म पोर्टल को पुनः खोलने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब परीक्षार्थी विलंब शुल्क 500 रुपये सहित 16 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से संपूर्ण परीक्षा आवेदन जमा कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन भरे गए परीक्षा आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी समस्त आवश्यक संलग्नकों सहित संबंधित महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 17 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, संबंधित परीक्षा केंद्र में हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि 18 फरवरी 2026 तय की गई है।
इसके अतिरिक्त, पूरक परीक्षार्थियों द्वारा जमा कराई गई हार्ड कॉपी, संलग्नकों सहित परीक्षा शुल्क का विवरण, गोसवारा, न्यूमेरिकल रिटर्न प्रपत्र, ऑनलाइन रोल लिस्ट, ऑनलाइन वेरिफाइड लिस्ट एवं परीक्षार्थियों की संख्यात्मक जानकारी (स्टूडेंट काउंट समरी) विश्वविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि अब 20 फरवरी 2026 होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शेष सभी निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे संशोधित तिथियों का ध्यान रखते हुए समय-सीमा के भीतर अपनी प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।



