
प्रदेश में शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ी राहत की खबर है। राज्य शासन ने सहायक शिक्षक के 292 पदों पर भर्ती की मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही अब प्रदेश में कुल 5 हजार शिक्षकों के पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में शासन द्वारा केवल 4708 पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा 5 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की गई थी, जिसे लेकर शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी थी। हालांकि, कुछ माह पहले शिक्षा विभाग द्वारा 292 पदों को घटा दिए जाने से केवल 4708 पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही थी।
इस बीच शासन स्तर पर हुए विचार-विमर्श के बाद अब 292 नए पदों पर पुनः भर्ती की अनुमति दे दी गई है। ये सभी पद सहायक शिक्षक के होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने 292 नवीन पदों पर भर्ती की स्वीकृति का पत्र आज लोक शिक्षण संचालनालय को भेज दिया है।
इस तरह मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप अब प्रदेश में शिक्षकों के पूरे 5 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। गौरतलब है कि पूर्व में 5 हजार पदों में से व्याख्याता कम्प्यूटर और योग शिक्षक के 146-146 यानी कुल 292 पद घटाए गए थे।
शासन से अनुमति मिलने के बाद अब शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। भर्ती प्रक्रिया व्यापमं (व्यावसायिक परीक्षा मंडल) के माध्यम से संपन्न होगी। पूर्व में शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर व्यापमं ने कुछ अतिरिक्त जानकारियां मांगी थीं।
बताया जा रहा है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा अक्टूबर-नवंबर 2026 में संभावित है। व्यापमं द्वारा वर्ष 2026-27 का परीक्षा कैलेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है।


