
वायरल वीडियो से खुली पोल, ठगी के बाद तांत्रिक की जमकर पिटाई
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से तंत्र-मंत्र और ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कथित तांत्रिक ने नोटों की बारिश दिखाकर लोगों को करोड़पति बनाने का सपना दिखाया और 2.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सामने आने के बाद पीड़ितों ने तांत्रिक की सरेआम पिटाई कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फर्जी अनुष्ठान और नोटों की बारिश का वीडियो वायरल
बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत संबलपुरी गांव में कांग्रेस समर्थित सरपंच के पति रिखीराम नवरंग के घर कथित तांत्रिक विजय कुमार राज (48 वर्ष, निवासी दीपका, जिला कोरबा) ने तंत्र-मंत्र का नाटक रचा।

अनुष्ठान के दौरान पैसों की गड्डियों के सामने नारियल, अगरबत्ती रखकर पूजा दिखाई गई और अचानक ऊपर से नोटों की बारिश होने लगी। यह पूरा दृश्य पहले से रचा गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे कई लोग झांसे में आ गए।
कोरिया जिले के 4 युवकों से ढाई लाख की ठगी
30 जनवरी को कोरिया जिले के चार युवकों को तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा बढ़ाने का लालच देकर बिल्हा बुलाया गया।
आरोप है कि तांत्रिक विजय कुमार राज, उसकी तीन महिला साथी और सरपंच पति रिखीराम नवरंग ने मिलकर ‘पैसों की बारिश’ का नाटक कर युवकों से 2.50 लाख रुपये ले लिए। आरोपियों ने दावा किया था कि यह रकम तंत्र विद्या से 2.50 करोड़ रुपये में बदल जाएगी।
पैसा वापस मांगने पहुंचे युवक, आरोपी हो चुके थे फरार
जब युवकों को ठगी का अहसास हुआ तो वे अपनी रकम वापस मांगने पहुंचे। लेकिन तब तक तांत्रिक और उसके साथी वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद पीड़ित युवकों ने खुद ही तांत्रिक को तलाशना शुरू कर दिया।
हाईवे पर फिल्मी स्टाइल में पिटाई और लूट
31 जनवरी की रात करीब 3:30 बजे, रतनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर एक ढाबे के पास तांत्रिक विजय कुमार राज अपनी कार रोककर टॉयलेट गया।
इसी दौरान दो कारों में पहुंचे चार युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने तांत्रिक के साथ जमकर मारपीट की, उसकी कार, 3 मोबाइल फोन और करीब 8 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई: दोनों पक्षों पर शिकंजा
मामले की जानकारी मिलते ही बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टेक्निकल साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम ने अंबिकापुर और कोरिया में दबिश दी।
2 फरवरी को लूट और मारपीट के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया। पुलिस ने लूटी गई कार, मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में प्रयुक्त क्रेटा व ऑल्टिगो कार जब्त कर ली।
तांत्रिक, तीन महिलाएं और सरपंच पति भी गिरफ्तार
पुलिस ने ठगी के मुख्य आरोपी तांत्रिक विजय कुमार राज, उसकी तीन महिला सहयोगियों और सरपंच पति रिखीराम नवरंग को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

