संदीपनी अकादमी में तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन संपन्न

Spread the love

दुर्ग। संदीपनी अकादमी में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव 2026 का सफल एवं भव्य समापन उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक विकास, अनुशासन, टीम भावना तथा आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।

खेल महोत्सव के प्रथम दिवस का शुभारंभ गरिमामय उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री आनंद राज सिंह (राष्ट्रीय बॉक्सर एवं बॉडी बिल्डर) तथा विशेष अतिथि श्रीमती प्रमिला कौर (प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कपसड़ा) की उपस्थिति रही। दीप प्रज्वलन के पश्चात रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़कर तथा मशाल प्रज्वलन के माध्यम से वार्षिक खेल महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया गया। विद्यार्थियों ने खेल गतिविधियों में पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।

द्वितीय दिवस में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और सहयोग की भावना का परिचय दिया। खेल मैदान पर उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और खिलाड़ियों ने खेल भावना का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

तृतीय दिवस खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के नाम रहा। इस दिन क्रिकेट एवं कबड्डी के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही नृत्य एवं गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री जितेंद्र दीवान (एनएसएस समन्वयक, हेमचंद विश्वविद्यालय, दुर्ग), विशेष अतिथि श्रीमती योगिता बंजारे (नायब तहसीलदार सहायक राजस्व अधिकारी) तथा अतिथि सम्मान श्री महेंद्र सिंह ठाकुर की गरिमामय उपस्थिति रही।

सभी प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन प्रदर्शन, अनुशासन, कौशल, समन्वय और नियमों के पालन के आधार पर निष्पक्ष रूप से किया गया। समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव 2026 विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, खेल भावना और सांस्कृतिक प्रतिभा को निखारने में पूर्णतः सफल रहा। यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक और स्मरणीय सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?