
रायपुर के सदर बाजार में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और बातचीत के दौरान सेल्समेन का ध्यान भटकाकर करीब 50 हजार रुपए कीमत की सोने की चेन चुरा ली थी।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के भोरावत एंड संस ज्वेलरी शॉप की है। दुकान संचालक प्रिंस जैन के अनुसार, 15 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 3 बजे एक महिला सोने की चेन देखने के बहाने दुकान में आई थी। उसने सेल्समेन संगीता धाकड़ को बातों में उलझाए रखा और मौका मिलते ही चेन चोरी कर दुकान से बाहर निकल गई।
घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
लगातार 14 दिनों तक चली जांच के दौरान एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की मदद से तकनीकी विश्लेषण किया गया। साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर महिला की पहचान निशा गुप्ता, निवासी काटाभांजी (उड़ीसा) के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस टीम उड़ीसा रवाना हुई और वहां से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


