कल्याण कॉलेज में हंगामा करने वाला NSUI नेता गिरफ्तार, दिल्ली भागने के प्रयास में नागपुर एयरपोर्ट के पास दबोचा गया आरोपी

Spread the love

दुर्ग-भिलाई।
दुर्ग जिले के कल्याण कॉलेज में हुए हंगामे और प्राचार्य से बदसलूकी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया को दुर्ग पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दिल्ली फरार होने की कोशिश में था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, आकाश कनौजिया एनएसयूआई का प्रदेश सचिव है और भिलाई नगर विधायक का प्रतिनिधि भी बताया जा रहा है। उस पर कॉलेज परिसर में जबरन घुसने, शासकीय कार्य में बाधा डालने, शासकीय दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने और प्राचार्य के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप हैं। यह मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।

परीक्षा कार्य के दौरान हुआ था हंगामा
बताया गया कि 9 दिसंबर की दोपहर कल्याण कॉलेज में परीक्षा फॉर्म की जांच और हस्ताक्षर से संबंधित शासकीय कार्य चल रहा था। इसी दौरान आकाश कनौजिया अपने साथियों के साथ बिना अनुमति कॉलेज परिसर में दाखिल हुआ। आरोप है कि सभी आरोपी सीधे प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के केबिन में घुस गए और वहां गाली-गलौज करते हुए रखे शासकीय दस्तावेजों को अस्त-व्यस्त कर दिया। इस घटना से न केवल सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ, बल्कि शासकीय संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।

प्राचार्य की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
घटना के बाद प्राचार्य की शिकायत पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया फरार हो गया था, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शेष आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?