भिलाई की आद्या पांडे “Outstanding Performer” सम्मान से सम्मानित ,16 साल की नृत्यांगना ने रचा नया इतिहास

Spread the love

भिलाई| भिलाई की प्रतिभाशाली नृत्यांगना आद्या पांडे ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में रोशन किया है। ऑल इंडिया डांसर्स एसोसिएशन (AIDA) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित नटवर गोपीकृष्ण नेशनल अवॉर्ड फेस्टिवल–2025 में आद्या ने शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम (सीनियर वर्ग) में प्रथम स्थान प्राप्त किया और Outstanding Performer का सम्मान अपने नाम किया।

AIDA, जो कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत है, पिछले 18 वर्षों से देश और विदेश में नृत्य उत्सवों का सफल आयोजन कर रही है। इस वर्ष यह महोत्सव 2 से 12 अक्टूबर तक रायपुर रंगमंदिर में भव्य रूप से आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से आए लगभग 1300 एकल प्रतिभागियों और 3500 से अधिक कलाकारों ने हिस्सा लिया।

भिलाई की 16 वर्षीय आद्या, डॉ. जी. रतीश बाबू की वरिष्ठ शिष्या हैं। उन्होंने अपनी लाजवाब प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। इससे पहले भी वे “चक्रधर समारोह–2025” के अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रस्तुति देकर प्रशंसा पा चुकी हैं।

आद्या अब तक 26 राष्ट्रीय और 1 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं। वे डीपीएस रिसाली, भिलाई की कक्षा 11वीं की छात्रा हैं और इसी वर्ष CBSE बोर्ड परीक्षा में 93% अंक प्राप्त कर चुकी हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कई बार सम्मानित की जा चुकी आद्या को राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी चयनित किया था, जहां उन्हें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया।

वे नृत्य मंजरी, नृत्य प्रतिभा, नृत्य श्रेष्ठ और नृत्य गौरव सम्मानजैसे कई अलंकरणों से अलंकृत हो चुकी हैं। साथ ही, उन्होंने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से भरतनाट्यम में डिप्लोमा भी प्राप्त किया है।

भारत सरकार के Centre for Cultural Resources and Training (CCRT) द्वारा आद्या को जूनियर स्कॉलरशिप (भरतनाट्यम) के लिए भी चयनित किया गया है, जो आगामी 8 वर्षों तक प्रभावी रहेगा।

आद्या के पिता दिनेश पांडे भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत हैं, जबकि माता सोनिया पांडे गृहिणी हैं। आद्या की उपलब्धि ने गुरु–शिष्य परंपरा को किया गौरवान्वित, और भरतनाट्यम की गरिमा को दी नई ऊंचाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?