छत्तीसगढ़ में रक्षाबंधन की रात तीन हत्याओं से सनसनी, बिलासपुर में दो और दुर्ग में एक युवक की हत्या

Spread the love

बिलासपुर/दुर्ग। रक्षाबंधन की रात छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और दुर्ग जिले में अलग-अलग विवादों के दौरान तीन युवकों की हत्या से सनसनी फैल गई। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में हत्या हुई, जबकि दुर्ग के सिटी कोतवाली क्षेत्र में बिरयानी खाकर घर लौट रहे युवक पर चाकू और पत्थर से हमला कर उसकी जान ले ली गई। दुर्ग पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शराब दुकान के बाहर विवाद में युवक की हत्या

बिलासपुर के ग्राम हरदी में शराब दुकान के बाहर लाइन में लगने को लेकर विवाद के बाद राकेश प्रजापति (35) की हत्या कर दी गई। बताया गया कि 28 अगस्त की शाम राकेश शराब खरीदने दुकान पहुंचा था। इसी दौरान लाइन में लगने को लेकर एक युवक से उसका विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राकेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राकेश को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सिरगिट्टी पुलिस ने शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

भांजे से गाली-गलौज रोकना पड़ा भारी, भाई ने भाई को मार डाला

दूसरी घटना भी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव की है। यहां सुभाष कुर्रे की उसके छोटे भाई सुदर्शन कुर्रे ने सब्बल से हमला कर हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, सुदर्शन नशे की हालत में अपने भांजे से गाली-गलौज कर रहा था। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट होने लगी। सुभाष ने अपने भाई को रोकने की कोशिश की। इससे नाराज सुदर्शन ने सब्बल से सुभाष के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सब्बल जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।

बिरयानी खाकर लौट रहे युवक पर चाकू-पत्थर से हमला

दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में भी रक्षाबंधन की रात विवाद ने खूनी रूप ले लिया। धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ बिरयानी खाने के बाद घर लौट रहा था। चंडी मंदिर नयापारा रोड पर कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर उनका विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धन्ना पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर वह सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों के हाथ में चाकू देखकर वे पीछे हट गए।

आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दोस्तों ने धन्ना को ई-रिक्शा से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में कोमल ढीमर (19) और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है।

एक ही रात तीन हत्याओं से कानून-व्यवस्था पर सवाल

रक्षाबंधन जैसे पर्व की रात शराब दुकान पर लाइन लगाने, पारिवारिक विवाद और मामूली गाली-गलौज जैसे मामलों ने हिंसक रूप ले लिया। बिलासपुर और दुर्ग में हुई इन तीन हत्याओं ने एक बार फिर मामूली विवादों में बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और घटनाओं की विस्तृत जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?