सरस्वती साइकिल योजना: धनोरा स्कूल की 27 छात्राओं को मिली निशुल्क साइकिल, शिक्षा के लिए किया प्रेरित

Spread the love

धनोरा, 27 जुलाई। शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला धनोरा में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग की दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली 27 पात्र छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान कर उनकी नियमित उपस्थिति और उच्च शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती श्वेता सिंह ने किया। इस अवसर पर शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य श्री चंद्रशेखर बंजारे, ग्राम की प्रथम नागरिक श्रीमती ममता साहू, सरपंच श्रीमती रुलेश्वरी बंजारे, उपसरपंच श्रीमती संगीता सप्रे, मनेश साहू, उषा बाई साहू, मोनिका सेन, दिनेश कुमार साहू, केशरी साहू, रेखा टंडन, मोतीलाल साहू, वंदना साहू, सीमा मधुकर, आगेश्वरी साहू, रेखवंत साहू, सीमा साहू, माधव राम साहू, संतोषी ठाकुर, दुर्गा कोराम सहित बड़ी संख्या में पालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सरपंच श्रीमती रुलेश्वरी बंजारे ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साइकिल मिलने से वे आत्मनिर्भरता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने और जीवन में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने भी खुशी व्यक्त की। एक छात्रा ने कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वह अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए और अधिक मेहनत करेगी।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीलिमा गजपाल ने कहा कि शासन की सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल कर सकेंगी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सरस्वती साइकिल वितरण प्रभारी श्रीमती चित्ररेखा ठाकुर, श्रीमती श्वेता सिंह, श्रीमती अलका अगलावे, श्रीमती सरिता श्रीवास्तव, श्रीमती प्रियंका खापर्डे सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। वहीं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. तेजराम देवांगन ने भी छात्राओं को बधाई देते हुए उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में श्रीमती अलका अगलावे ने आभार प्रदर्शन किया और समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?