बिलासपुर, 19 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित निर्माणाधीन कॉलोनी में JCB मशीन के टायर में हवा भरते समय अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद चार युवक कई फीट तक हवा में उछल गए। इस दुर्घटना में 18 वर्षीय हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन कॉलोनी में JCB के बड़े टायर में हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक टायर फट गया और तेज धमाके के साथ आसपास खड़े लोग दूर जा गिरे। मृतक की पहचान उमाकांत कौशिक (18 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विस्फोट के बाद वह करीब 15 फीट तक हवा में उछल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में JCB ऑपरेटर और मैकेनिक समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टायर फटने के बाद लोगों के हवा में उछलने का भयावह दृश्य कैद हुआ है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में टायर में अत्यधिक दबाव (प्रेशर) बनने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

