
भिलाई, 22 जून। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-7 स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रहने वाले एक 19 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों और परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान निखिल पौसार्य (19 वर्ष) पिता प्रहलाद पौसार्य निवासी पंडरिया, जिला कवर्धा के रूप में हुई है। निखिल पढ़ाई के लिए भिलाई आया था और सेक्टर-6 स्थित साईं महाविद्यालय में बीएससी बायो प्रथम वर्ष का छात्र था। वह पिछले लगभग एक वर्ष से महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह काफी देर तक निखिल अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। इस पर छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों को संदेह हुआ। उन्होंने छात्रावास प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां निखिल का शव पंखे से लटके फंदे पर मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से एक रात पहले कुछ छात्रों ने निखिल से उसके साथ कमरे में रुकने की बात कही थी, लेकिन उसने यह कहते हुए मना कर दिया था कि वह अकेले रहना चाहता है। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया था।
पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी कॉल डिटेल व अन्य गतिविधियों की जांच की जा रही है। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
भिलाई नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, इस घटना ने छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों और उनके परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।

