
भिलाई, 1 अगस्त। भिलाई में मॉर्निंग वॉक पर निकली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटने के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि वारदात को किसी पेशेवर गैंग ने नहीं, बल्कि रिश्ते में मां-बेटे ने मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से लूटी गई चेन तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना 31 जुलाई की सुबह करीब 6:10 बजे की है। सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 निवासी उमा देवी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार एक महिला और युवक उनके पास पहुंचे। महिला ने फूल तोड़ने के लिए लकड़ी से मदद मांगी। जैसे ही बुजुर्ग महिला उसकी बातों में उलझीं, महिला ने उनके गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली, जिसकी कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घटना की शिकायत भिलाई भट्ठी थाना में दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने कैंप-1 शांतिपारा निवासी 20 वर्षीय जी. गौतम और उसकी 48 वर्षीय मां जे. पार्वती को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि दोनों ने पहले भी इस तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर सुबह और शाम टहलने वाले बुजुर्गों एवं महिलाओं से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने सलाह दी है कि सुनसान स्थानों पर अकेले न जाएं और किसी अजनबी की बातों में आने से बचें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

