पूर्व केयरटेकर ने लिया बदला: बुजुर्ग दंपती से चाकू की नोक पर लूट, 24 घंटे में गिरफ्तार

Spread the love

तीन महीने पहले नौकरी से हटाए जाने की रंजिश में घर में घुसकर महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटा, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में रिटायर्ड बीएसपी कर्मचारी के घर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का पूर्व केयरटेकर था। आरोपी ने तीन महीने पहले नौकरी से हटाए जाने का बदला लेने के लिए बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर चाकू की नोक पर महिला के गले से सोने का नेकलेस लूट लिया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस के अनुसार, प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट में रहने वाले रिटायर्ड बीएसपी कर्मी के घर 4 जुलाई को केवल बुजुर्ग दंपती मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी विभान्शु महोबिया (21), निवासी मंडला (मध्य प्रदेश), चेहरे पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा। उसने धारदार हथियार दिखाकर दोनों को धमकाया और सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी की मांग की। डराने-धमकाने के दौरान उसने महिला के गले से सोने का नेकलेस छीन लिया और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले पीड़ित परिवार के यहां केयरटेकर के रूप में काम करता था। करीब तीन महीने पहले उसे हटाकर दूसरे व्यक्ति को रख लिया गया था। इसी रंजिश और बदला लेने की नीयत से उसने लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहा है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?