साइंस कॉलेज दुर्ग में स्नातक प्रथम सेमेस्टर प्रवेश को लेकर उमड़ी भीड़, 300 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश

Spread the love

दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साइंस कॉलेज), दुर्ग में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रथम मेरिट सूची जारी होने के बाद महाविद्यालय परिसर में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की लगातार भीड़ उमड़ रही है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 जून को प्रथम मेरिट सूची जारी होने के पश्चात मात्र तीन दिनों के भीतर 300 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर ऑनलाइन शुल्क जमा कर दिया है। उन्होंने बताया कि प्रथम सूची में चयनित विद्यार्थी 22 जून तक अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराकर प्रवेश ले सकते हैं। रिक्त सीटों की स्थिति में 23 जून को द्वितीय मेरिट सूची जारी की जाएगी।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में सर्वाधिक प्रवेश बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर में हुए हैं। इसके बाद बी.एससी. बायोलॉजी समूह में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। वहीं बी.एससी. गणित समूह में प्रवेश की गति अपेक्षाकृत धीमी रही है, जहां अब तक 35 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। बी.ए. और बी.सी.ए. प्रथम सेमेस्टर में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है।

उन्होंने बताया कि विज्ञान संकाय के अंतर्गत बी.एससी. गणित समूह में 555 तथा बायोलॉजी समूह में 525 सीटें उपलब्ध हैं। कला संकाय में विभिन्न विषय समूहों को मिलाकर 500 सीटें तथा वाणिज्य संकाय में 520 सीटें अध्ययन हेतु निर्धारित की गई हैं।

स्वशासी परीक्षा प्रकोष्ठ की नियंत्रक डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने बताया कि महाविद्यालय में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के 19 विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं संचालित हैं। एम.ए. अंग्रेजी, हिन्दी, अर्थशास्त्र, भूगोल, राजनीति शास्त्र, इतिहास तथा एम.एस.डब्ल्यू. में प्रथम सेमेस्टर हेतु प्रत्येक विषय में 40-40 सीटें उपलब्ध हैं।

इसी प्रकार एम.कॉम. प्रथम सेमेस्टर में 140 सीटें निर्धारित हैं। विज्ञान संकाय के अंतर्गत एम.एससी. गणित में 60 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि रसायन शास्त्र, भौतिकी, वनस्पति शास्त्र, प्राणी शास्त्र, माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी एवं जियोलॉजी विषयों में 25-25 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार गत शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ किए गए एम.ए. मनोविज्ञान पाठ्यक्रम में 30 सीटें तथा एम.एससी. कम्प्यूटर साइंस में 40 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह बना हुआ है और आगामी मेरिट सूची को लेकर भी अभ्यर्थियों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?